आष्टा/कमल पांचाल
बीते दिवस नगर पालिका परिषद आष्टा ने 85 आउट सोर्स कर्मचारियों को बिना सूचना के हटा दिया था। जिनमें कई सफाई कर्मी भी शामिल थे और इन सफाई कर्मियों ने भी बिना सूचना, जानकारी के हटाने पर नगर पालिका के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया था।
वही दूसरी और इन सफाई कर्मियों के हटने से शहर की सफाई व्यवस्था भी ध्वस्त होती हुई नज़र आ रही है या यह कहे की हटाए गए सफाईकर्मी के अभाव में नगर पालिका के 18 वार्डो में साफ सफाई की व्यवस्था बिगड़ चुकी है और बकायदा शहर के चुने हुए जनप्रतिनिधियो ने लिखित में नाराजगी जाहिर करते हुए सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने की मांग उठाई है।
नगर में चहुंओर गंदगी, नहीं हो पा रही नालियों की सफाई, पार्षदों के पत्र ने खोली पोल

नगर पालिका के 18 वार्डो की साफ सफाई की व्यवस्था का जिम्मा संभाल रहे सफाई कर्मियों के हटने से शहर में चहुंओर गंदगी का आलम है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं। सड़कों पर कचरा पसरा हुआ है। वार्डो की गली मोहल्ले में सफाई का अभाव है। ऐसा लगता है नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पूर्णतया चरमराई हुई है। शहर की दशा देखकर लगता है सफाई व्यवस्था पालिका से नहीं संभल रही है। कई स्थानों पर तो आलम यह है कि पूरे रास्ते में कचरा बिखरा पड़ा रहता है। जिससे इन जगहों पर आवारा जानवरों का जमघट लगा रहता है। ऐसे में राहगीरों सहित वाहन चालकों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। शहर के कई मुख्य मार्गों में कचरा पात्र के बाहर कचरे के ढेर लगे है। जिसमें पनपते मच्छरों ने आस-पास रहने वाले लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। लेकिन पालिका को शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर जरा भी चिंता नजर नहीं आ रही है।
वार्ड 15,16,02 के बीजेपी पार्षद ने पत्र लिखकर जताई नाराजगी
नगर के वार्डो में बिगड़ी सफाई व्यवस्था से भाजपा के जनप्रतिनिधियों के भी हाल बेहाल है और अब जनता के द्वारा चुने हुए पार्षदों ने भी अपने वार्डो की बिगड़ी सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए नगर पालिका सीएमओ को पत्र लिखकर अपने वार्डो के लिए सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने की मांग उठाई है वार्ड 16 के पार्षद रविन्द्र शर्मा ने बताया कि जबसे 85 आउट सोर्स कर्मचारियों को हटाया है जिनमें कई सफाई कर्मी भी शामिल थे तब से हमारे वार्ड की सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह बिगड़ चुकी है क्योंकि जनसंख्या और क्षेत्रफल की दृष्टिहमारा वार्ड काफी बड़ा है और हमारे वार्ड में मोहल्लो की संख्या अधिक होने के कारण सफाई कर्मचारियों की संख्या कम होने की वजह से वार्ड की सफाई व्यवस्था बहुत ही खराब हो गयी है।
यही स्थिति नगर के वार्ड 15 और वार्ड 2 की भी बनी हुई है वार्ड 15 से निर्दलीय जीतकर भाजपा में शामिल हुए तेजसिंह राठौर ने भी स्वीकारा कि कर्मचारियों के कम होने से सफाई व्यवस्था बिगड़ गई है हमारा वार्ड भी नगर पालिका का सबसे बड़ा वार्ड है जिसके चलते कई मोहल्लों में साफ सफाई नहीं हो पा रही है नागरिक हमसे शिकायत करते हैं ऐसे में जनप्रतिनिधि होने के नाते वार्ड की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने की मांग की है
वही वार्ड 2 अलीपुर के बीजेपी पार्षद कमलेश जैन ने भी बताया कि सफाई कर्मचारियों के हटने से सड़क, नालियों की साफ सफाई में परेशानी आ रही है और गंदगी के ढेर लगे होने से वार्ड वासी परेशानियों को हल करने के लिए हमे कहते हैं।
इन मोहल्लों में बिगड़ी सफाई व्यवस्था, सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने की मांग
शहर के वार्ड 16 के मेवाड़ा कॉलोनी,सांचोरा कॉलोनी,आदर्श कॉलोनी,सेमनरी रोड,चंदन नगर,अंजनी नगर,हनुमान मंदिर के आसपास,कन्नोद रोड,मुकाती पेट्रोल पम्प से भोपाल नाके, बजरंग कालोनी,सोनी लॉज, विनायक नेत्रालय,काला तालाब की पाल,आवास कालोनी,भोपाल नाके से शनि मंदिर और वार्ड 15 सहित वार्ड 2 के कई मोहल्लों में सफाई व्यवस्था बिगड़ी हुई है जिसको लेकर वार्ड 16 के पार्षद रवि शर्मा ने 10 और वार्ड 15 के पार्षद तेजसिंह राठौर ने 7 वही वार्ड 2 के पार्षद कमलेश जैन ने 4 अतिरिक्त सफाई कर्मचारी की मांग की है।







